एआर रहमान के बयान पर विवाद बढ़ गया है. उनके बयान को बोलने की आजादी और कल्चरल भावनाओं के बीच बहस के तौर पर देखा जा रहा है. जहां एक तरफ नेटफ्लिक्स और शो मेकर्स ने अब तक इस विरोध पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है, वहीं नितेश राणे के बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. आने वाले समय में यह देखना होगा कि क्या ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ इस दबाव के बीच अपनी कंटेंट स्ट्रेटजी में कोई बदलाव करता है या नहीं.
विवाद की शुरुआत एआर रहमान के उस बयान से हुई थी जिसमें उन्होंने हिंदी सिनेमा और सांप्रदायिकता का जिक्र किया था. हालांकि रहमान ने हमेशा यह तर्क दिया कि उनके शब्दों को गलत तरीके से समझा गया और गलत तरीके से पेश किया गया, लेकिन सोशल मीडिया पर उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. हाल में कपिल शर्मा के शो में पहुंचे रहमान ने एक गेम के जरिए इशारों-इशारों में फिर यही कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी समस्या सूचनाओं को गलत तरीके से समझना और फैलाना है.
नितेश राणे का कड़ा विरोध
महाराष्ट्र के मत्स्य पालन एवं बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे ने एआर रहमान को सार्वजनिक मंच दिए जाने पर आपत्ति जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, ‘एंटरटेनमेंट की स्वतंत्रता स्वीकार्य है, लेकिन जनभावनाओं और हिंदू समाज की अस्मिता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. एआर रहमान के विवादित बयानों ने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुँचाई है. नेटफ्लिक्स और शो के निर्माताओं को ऐसे कलाकारों को बड़ा मंच देने के निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए.’ नितेश राणे ने स्पष्ट किया कि कपिल शर्मा का शो देश-विदेश में लोकप्रिय है, लेकिन इस लोकप्रियता का इस्तेमाल ऐसे लोगों को प्रमोट करने के लिए नहीं होना चाहिए जो कथित रूप से सामाजिक संवेदनशीलता का सम्मान नहीं करते.
कपिल के शो में एआर रहमान की सफाई
दिलचस्प बात यह है कि जिस एपिसोड का विरोध हो रहा है, उसी में रहमान ने अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की. कपिल के साथ एक ‘मैसेज पासिंग’ गेम खेलते हुए एआर रहमान ने कहा कि यह गेम इस बात का सटीक उदाहरण है कि कैसे एक बात एक कान से दूसरे कान तक पहुंचते-पहुंचते पूरी तरह बदल जाती है. उन्होंने इसे ही ‘दुनिया की परेशानी’ बताया कि कैसे मैसेज को गलत समझकर फैला दिया जाता है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.