मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग ने बॉलीवुड में सनसनी फैला दी है. अज्ञात हमलावरों द्वारा चार राउंड फायरिंग के बाद IFTDA ने इसकी कड़ी निंदा की है. एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले में हस्तक्षेप और फिल्म जगत की सुरक्षा पक्का करने की अपील की है. मुंबई पुलिस की 12 स्पेशल टीमें और क्राइम ब्रांच इस मामले की कड़ी जांच कर रही हैं. सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर हमलावरों की तलाश जारी है. फिलहाल शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
एसोसिएशन के प्रसिडेंट और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने एक प्रेस रिलीज जारी करके इस कायरता से भरा कृत्य की घोर निंदा की. उन्होंने इंस्टाग्राम पर बयां किया, ‘रोहित शेट्टी हमारी इंडस्ट्री के सबसे सम्मानित और मशहूर निर्देशकों में से एक हैं. उनके घर के बाहर ऐसी हिंसा बर्दाश्त से बाहर है. यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरी क्रिएटिव कम्युनिटी के आत्मविश्वास पर प्रहार है.’
एक्शन मोड में मुंबई पुलिस
एसोसिएशन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले में निजी रूप से हस्तक्षेप करने की अपील की है, ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिले और इंडस्ट्री में सुरक्षा का भाव बहाल हो सके. घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने वॉर लेवल पर जांच शुरू कर दी है. इस मामले को सुलझाने के लिए 12 स्पेशल टीमों का गठन किया गया है, जिसमें क्राइम ब्रांच के अधिकारी भी शामिल हैं. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के कैमरों को खंगाला है, जिसमें एक मोटरबाइक पर सवार संदिग्ध हमलावर नजर आए हैं. शक है कि इसी बाइक का इस्तेमाल फायरिंग के लिए किया गया. फॉरेंसिक और बैलिस्टिक एक्सपर्ट ने मौके से खोखे और अन्य अहम सबूत जुटाए हैं. रोहित शेट्टी के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है.
इंडस्ट्री हुई एकजुट
‘इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन’ ने साफ किया कि वे इस मुश्किल समय में रोहित शेट्टी और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं. पूरी इंडस्ट्री को मुंबई पुलिस की क्षमता पर भरोसा है और उम्मीद है कि जल्द ही हमले का मकसद और इसके पीछे छिपे मास्टरमाइंड का खुलासा होगा. फिलहाल, रोहित शेट्टी का बयान दर्ज कर लिया गया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह हमला किसी जबरन वसूली से जुड़ा है या इसके पीछे कोई और गैंगवार का एंगल है.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.