नागिन पर फिल्म बनाना चाहती थीं एकता कपूर
एकता कपूर ने यह भी बताया कि ‘नागिन’ को असल में एक फिल्म के तौर पर सोचा गया था. उन्होंने खुलासा किया, ‘सबसे पहले मैं नागिन नाम से एक फिल्म बनाना चाहती थी. मैं यह कहानी लेकर दो बड़ी एक्ट्रेस के पास भी गई थी. एक ने हां कह दी थी और दूसरे ने मना कर दिया. जिस एक्ट्रेस ने फिल्म के लिए हामी भरी थी, वो बाद में अमेरिका चली गईं. बस उसी मोड़ पर मैंने फैसला किया कि अब मैं नागिन को टीवी शो के रूप में बनाऊंगी.’
प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म के लिए भर दी थी हामी
एकता कपूर ने पहले भी एक बार इस वाकये का जिक्र किया था कि वो ‘नागिन’ का आइडिया लेकर प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ के पास गई थीं. उन्होंने फिल्म कंपेनियन के साथ पुरानी बातचीत में बताया था, ‘द डर्टी पिक्चर की कामयाबी के बाद मैंने सोचा कि नागिन पर फिल्म बनाई जाए. मैं यह कॉन्सेप्ट लेकर दो बड़ी एक्ट्रेसेस के पास गई. मुझे आज भी याद है, जब मैं कैटरीना के पास पहुंची तो उन्होंने मुझसे कहा कि डर्टी पिक्चर जैसी फिल्म के बाद तो तुम कुछ बहुत ही जबरदस्त बनाने वाली होगी. मैंने तपाक से जवाब दिया- हां, मैं नागिन बनाना चाहती हूं.’
कैटरीना कैफ ने रिजेक्ट कर दिया था ऑफर
एकता ने आगे कहा, ‘कैटरीना मुझे ऐसे देखने लगीं जैसे मैंने कोई नशा कर रखा हो. उन्हें शायद लगा कि मेरा दिमाग चकरा गया है. उन्होंने हैरान होकर पूछा कि ‘क्या आप वाकई सीरियस हो? आज के दौर में आप नागिन नाम की फिल्म बनाना चाहती हो? क्या लोग इसे देखेंगे? इसके बाद मैं प्रियंका चोपड़ा के पास गई, लेकिन वो वही दौर था, जब वो इंडिया छोड़कर विदेश सेटल हो रही थीं.’
टीवी की सफल सुपरनैचुरल सीरीज है ‘नागिन’
बता दें कि इंडियन टेलीविजन की दुनिया में ‘नागिन’ सबसे लोकप्रिय और सफल सुपरनैचुरल फैंटेसी फ्रैंचाइजी में से एक है, जिसे एकता कपूर लीड करती हैं. इस सीरीज की कहानी ऐसी इच्छाधारी नागिनों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो इंसानी रूप ले सकती हैं. इनका मकसद अपने दुश्मनों से बदला लेना या फिर रहस्यमयी नागमणि की रक्षा करना होता है. इस सुपरहिट शो का नया सीजन यानी ‘नागिन 7’ पिछले साल 27 दिसंबर को छोटे पर्दे पर शुरू हो चुका है. इस बार प्रियंका चाहर चौधरी और नामिक पॉल लीड किरदारों में नजर आ रहे हैं.
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.