सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी ने हाल ही में अपने करियर के उस दौर को याद किया, जब उनकी हिम्मत जवाब देने लगी थी. अपनी पहली फिल्म तड़प के बाद वह एक कॉन्ट्रैक्ट में इस कदर बंध गए थे कि अगले चार साल तक चाहकर भी कोई दूसरी फिल्म साइन नहीं कर सके. इंडस्ट्री से मिले ढेरों ऑफर्स को ठुकराने की मजबूरी ने न सिर्फ उनके करियर की रफ्तार रोकी, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी गहरी चोट पहुंचाई. आज जब ‘बॉर्डर 2’ की सफलता ने उन्हें नई ऊंचाई दी है, तब उन्होंने अपनी उस तकलीफ और संघर्ष के बारे में दुनिया को बताया है.
मिड डे को दिए इंटरव्यू मे अहान शेट्टी ने बताया, ‘तड़प ने उस दौर में 40 करोड़ का बिजनेस किया था, जब फिल्में 10 करोड़ तक नहीं पहुंच पा रही थीं. लोग भले ही इसे फ्लॉप कहें, लेकिन हकीकत में हमने मुनाफा कमाया था. फिर भी, फिल्म से उम्मीदें बहुत ज्यादा थीं. उस वक्त मेरा कॉन्फिडेंस काफी गिर गया था.’ उन्होंने आगे कहा, ‘सबसे बड़ी मुश्किल यह थी कि मैं साजिद नाडियाडवाला की कंपनी के साथ कॉन्ट्रैक्ट में था, जिसके चलते मैं 4 साल तक कोई और फिल्म नहीं कर सकता था. उस दौरान मेरे पास काम के कई बड़े ऑफर आए, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों की वजह से मैंने उन सबको मना कर दिया.’
अहान शेट्टी को कैसी मिली बॉर्डर 2 फिल्म
अहान ने आगे बताया कि उन्हें ‘बॉर्डर 2’ जैसा बड़ा प्रोजेक्ट आखिर मिला कैसे. उन्होंने उस मजेदार किस्से को साझा करते हुए कहा, ‘जेपी दत्ता सर और निधि दीदी एक दिन हमारे घर डिनर पर आए थे. बातों-बातों में निधि दीदी ने मुझसे अचानक पूछ लिया अहान, तुम बॉर्डर 2 का हिस्सा बनना चाहोगे? मैंने इसे मजाक समझकर टाल दिया और कहा कि जब फिल्म बनेगी तब इस बारे में बात करेंगे. इस पर वो हंसने लगीं और बोलीं कि अहान, फिल्म अभी बन रही है और हम तुम्हें साइन करना चाहते हैं.’
‘बॉर्डर 2’ का ऑफर मिलने पर नहीं हो रहा था यकीन
एक्टर ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहते हैं, ‘शुरुआत में तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ. दो-तीन दिनों तक मैं सोचता रहा कि क्या वाकई वो मुझ जैसे नए एक्टर को इतनी बड़ी फिल्म का हिस्सा बनाना चाहते हैं? पिछले चार साल से मेरे पास कोई काम नहीं था और मैं मानसिक रूप से काफी परेशान था. ऐसे मुश्किल वक्त में इस फिल्म का मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है.’
300 करोड़ का आंकड़ा पार चुकी है बॉर्डर 2 फिल्म
बताते चलें कि अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी बॉर्डर 2 फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की वीरगाथा को बड़े पर्दे पर जीवंत करती है. फिल्म में सनी देओल एक बार फिर लीड रोल में जान फूंकते नजर आते हैं, वहीं उनके साथ दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी की चौकड़ी ने भी कमाल कर दिया है. यह फिल्म दुनिया भर में यह 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.