बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी को एक बार फिर धमकी मिली है। लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के नाम से यह धमकी दी गई है। इससे पहले रोहित शेट्टी के घर पर हुई पांच राउंड फायरिंग की घटना के बाद 10 फरवरी को रणवीर सिंह को पहली धमकी मिली थी। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को लेकर दोनों को दोबारा धमकाया गया है। कथित धमकी संदेश में रणवीर सिंह का नाम लेते हुए कहा गया कि उन्होंने ही रोहित शेट्टी को शिकायत करने की सलाह दी थी। संदेश में उनके मैनेजरों और परिवार की गतिविधियों की जानकारी होने का दावा करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है, जिसमें कहा गया है कि अब हम तुम्हें दिखाएंगे कि हमारी ताकत के आगे तुम्हारी सात पुश्तें भी कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी। तुम्हारे सभी मैनेजर कहां रहते हैं, कब आते-जाते हैं और परिवार कहां रहता है सब पता है। एक-एक मैनेजर को निशाना बनाना शुरू करेंगे, वरना संभल जाओ। इसके साथ ही पुर्तगाल में भारतीय लोगों के पासपोर्ट जब्त करने के मामले में हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का भी दावा किया गया है। हालांकि, लॉरेंस बिश्नोई गैंग और हैरी बॉक्सर की ओर से कथित तौर पर जारी इस ऑडियो मैसेज को लेकर मुंबई पुलिस सतर्क रुख अपनाए हुए है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह ऑडियो मैसेज सबसे पहले मीडिया के माध्यम से सामने आया है और पुलिस तक भी इसी जरिए पहुंचा। यह ऑडियो वास्तव में किसी गैंग से जुड़े व्यक्ति का है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जा सकेगी। देर रात हुई थी रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग
मुंबई में 31 जनवरी की देर रात फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड की फायरिंग हुई थी। मामले में पुणे पुलिस ने रविवार को चार लोगों को हिरासत में लिया था। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने मुंबई के जुहू इलाके में स्थित नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर रात करीब 12:45 बजे फायरिंग की। उन्होंने बताया था कि कम से कम पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से टकराई। वहीं, इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में एक स्क्रीनशॉट शेयर कर दावा किया था कि लॉरेंस गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली है। यह स्क्रीनशॉट शुभम लोंकर आरजू बिश्नोई नाम के अकाउंट की फेसबुक पोस्ट का है। इस पोस्ट में लिखा गया है, “सभी भाइयों को आज जो ये मुंबई में (शेट्टी टावर) फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर, हरमन संधू हम लेते हैं। हमने इसको बहुत बार मैसेज लगाया कि हमारे काम में दखल ना दे, लेकिन इसको समझ में नहीं आया। इसको ये छोटा सा ट्रेलर दिया है। अगर इसने आगे फिर हमारी बात नहीं समझी और हमारी बात नहीं मानी, तो अब घर के बाहर नहीं, अंदर इसके बेडरूम में गोली चलेगी, इसकी छाती पर।” इसी पोस्ट में आगे लिखा था, “और आगे बॉलीवुड को चेतावनी है कि टाइम रहते सुधर जाओ, नहीं तो बहुत बुरा हाल होगा। तुम्हारा बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल करेंगे। हमने जिन-जिन लोगों को फोन कर रखा है, या तो टाइम रहते लाइन पर आ जाओ, वरना छिपने के लिए जगह कम पड़ जाएगी। और जितने भी हमारे दुश्मन हैं, तैयार रहो, जल्दी ही मुलाकात होगी तुमसे। नोट- एक ही था, एक ही है और एक ही रहेगा लॉरेंस बिश्नोई गैंग।” 10 जनवरी को मिली थी रणवीर सिंह को धमकी रणवीर सिंह को मंगलवार, 10 जनवरी को जान से मारने की धमकी मिली थी। यह धमकी वॉट्सएप पर भेजे गए एक वॉइस नोट के जरिए दी गई थी, इसमें आरोपी ने करोड़ों रुपए की फिरौती की मांग की है। सूत्रों के मुताबिक, धमकी मिलने के तुरंत बाद मुंबई पुलिस ने रणवीर सिंह के बांद्रा स्थित आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी थी। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी गई।
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.