नेपाली एक्टर सुनील थापा का शुक्रवार सुबह 68 साल की उम्र में निधन हो गया। काठमांडू के थापथली स्थित नॉर्विक अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल के अनुसार, उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के चलते हुई। बता दें कि सुनील थापा ने नेपाली और हिंदी समेत कई फिल्मों में अभिनय किया। फिल्म मैरी कॉम में प्रियंका चोपड़ा के कोच के किरदार से उन्हें खास पहचान मिली, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में नॉमिनेशन भी मिला था। काठमांडू पोस्ट के अनुसार, नॉर्विक अस्पताल के चेयरपर्सन राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सुनील थापा को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। सुबह 7:44 बजे किए गए ईसीजी में उनकी मौत की पुष्टि हुई। अस्पताल के एक सूत्र के अनुसार, “उन्हें लाते वक्त वह बेहोश थे। तुरंत ईसीजी किया गया, जिससे उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई।” नेपाली सिनेमा के कद्दावर एक्टर माने जाने वाले सुनील थापा ने कई दशकों तक नेपाली, बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों में काम किया। उन्होंने 300 से अधिक नेपाली फिल्मों में अभिनय किया। फिल्म चीनो में ‘रात कैला’ के रूप में निभाया गया उनका किरदार बेहद लोकप्रिय हुआ और इसी भूमिका ने उन्हें इंडस्ट्री के सबसे चर्चित विलेन के रूप में स्थापित किया। फिल्मों में आने से पहले थापा खेलों से भी जुड़े रहे। उन्होंने बॉम्बे के क्लबों के लिए प्रोफेशनल फुटबॉल खेला। अपने शुरुआती करियर में वह JS मैगज़ीन (जूनियर स्टेट्समैन) में फोटो जर्नलिस्ट भी रहे और 1974 में भूटान के राज्याभिषेक को कवर किया था। इससे पहले उन्होंने बॉलीवुड में एक दूजे के लिए से डेब्यू किया था और बाद में कई हिंदी, तमिल और भोजपुरी फिल्मों में नजर आए। सुनील थापा एवरेस्ट फिल्म एकेडमी के चेयरपर्सन भी रह चुके थे। उनकी आखिरी स्क्रीन अपीयरेंस फिल्म एकलो में थी। परिवार के अन्य सदस्य मुंबई में रहते हैं, जबकि वह काठमांडू में एक अपार्टमेंट में रह रहे थे। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, परिवार के सदस्यों के पहुंचने के बाद आगे की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.