मुंबई में हुए एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान एक्टर राजपाल यादव पर कसे गए तंज के बाद अब सुपरस्टार सलमान खान उनके समर्थन में उतर आए हैं। सलमान ने सोशल मीडिया के जरिए राजपाल यादव को भरोसा दिलाया कि उनके टैलेंट और अनुभव की वजह से इंडस्ट्री में उन्हें हमेशा काम मिलता रहेगा। सलमान का यह बयान उस वीडियो के वायरल होने के बाद आया है, जिसमें एक जर्नलिस्ट सौरभ द्विवेदी राजपाल यादव के कर्ज और डॉलर के रेट को लेकर मजाक उड़ाते नजर आ रहे हैं। अवॉर्ड शो में राजपाल पर कसा गया था तंज हाल ही में मुंबई में एक अवॉर्ड इवेंट आयोजित किया गया था। इस दौरान जर्नलिस्ट सौरभ द्विवेदी ने राजपाल यादव के कर्ज के मामले पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि डॉलर का रेट चाहे बढ़े या घटे, आपको उतने ही पैसे लौटाने हैं जितने आपने उधार लिए थे। इस कमेंट पर वहां मौजूद कई लोग हंसते हुए नजर आए, जबकि राजपाल यादव स्टेज पर काफी असहज दिखे। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के आने के बाद लोगों ने इसे ‘बुली’ करना बताया था। सलमान ने X पर लिखा- आप एक वैल्यू लाते हो सलमान खान ने राजपाल यादव का बचाव करते हुए X (ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा की। सलमान ने लिखा, “राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हो और हम सबने आपको बार-बार रिपीट किया है क्योंकि आप अपना काम जानते हो और एक वैल्यू लाते हो। हकीकत यह है कि काम तो आपको बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर मिलता रहेगा।” ‘डॉलर ऊपर हो या नीचे, पैसा तो इंडिया में ही रहना है’ सलमान खान ने डॉलर और रुपए के उतार-चढ़ाव वाले मजाक पर भी अपनी राय दी। उन्होंने लिखा, “ये याद रखना कि कभी-कभी फ्लो में कुछ बातें निकल आती हैं। अगर कुछ देना ही है तो दिमाग में रखो और दिल से काम करो। डॉलर ऊपर हो या नीचे, क्या फर्क पड़ता है, पैसा तो इंडिया में ही देना है।” कर्ज और कानूनी विवादों में घिरे हैं राजपाल राजपाल यादव पिछले काफी समय से वित्तीय और कानूनी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन पर एक पुरानी फिल्म के निर्माण के लिए लिए गए कर्ज को न चुकाने का आरोप है। हाल ही में चेक बाउंस से जुड़े एक मामले में उनके खिलाफ कोर्ट के कड़े आदेश भी आए थे। इसी बैकग्राउंड को लेकर अवॉर्ड शो में उन पर तंज कसा गया था। हालांकि, राजपाल ने अब तक इस विवाद पर खुद कोई बड़ी प्रतिक्रिया नहीं दी है।
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.