सबरीमाला मंदिर सोना चोरी मामले में एसआईटी ने जांच तेज कर दी है. इस मामले में एक्टर जयराम से पूछताछ की गई. उनके बयान से जांच को अहम सुराग मिले हैं. एक्टर सरकारी गवाह बन सकते हैं. हालांकि जयराम पर कोई आरोप नहीं है, वे सिर्फ जांच में सहयोग कर रहे हैं.
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, जयराम को इस केस में एक महत्वपूर्ण गवाह के तौर पर देखा जा रहा है और आने वाले समय में उन्हें अदालत में पेश किया जा सकता है. एसआईटी का कहना है कि अभिनेता का बयान मामले की टाइमलाइन और घटनाक्रम को समझने में निर्णायक साबित हो सकता है.
जयराम से हो रही पूछताछ
पूछताछ के दौरान जयराम ने यह स्वीकार किया कि सबरीमाला मंदिर के सन्निधानम (गर्भगृह) के लिए बनाई गई सोने की प्लेट्स कुछ समय के लिए उनके चेन्नई स्थित घर पर लाई गई थीं. यह खुलासा जांच के लिए इसलिए अहम है क्योंकि इससे पहले की जांच में संकेत मिले थे कि मंदिर से जुड़ा सोना केरल से बाहर ले जाया गया था.
एक्टर के घर पर रखी गई थी सोने की प्लेट्स
जांच एजेंसियों का मानना है कि मंदिर की संपत्ति को बिना आधिकारिक अनुमति के परिसर से बाहर ले जाना गंभीर प्रशासनिक और कानूनी मुद्दा है. जयराम के बयान से यह पुष्टि होती है कि सोने की प्लेट्स राज्य के बाहर ले जाई गईं और उनका सार्वजनिक रूप से धार्मिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल हुआ, जिससे अभियोजन पक्ष को अपनी दलीलें मजबूत करने में मदद मिल सकती है.
हालांकि, एसआईटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभिनेता जयराम के खिलाफ फिलहाल किसी तरह की कानूनी कार्रवाई की योजना नहीं है. जांच में यह सामने आया है कि उनका मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी या अन्य आरोपियों के साथ किसी भी तरह का आर्थिक लेन-देन नहीं था.
जांच एजेंसियों ने दोहराया है कि जयराम की भूमिका किसी भी वित्तीय लाभ, धोखाधड़ी या आपराधिक साजिश से जुड़ी नहीं पाई गई है और वह इस मामले में केवल फैक्ट्स की जानकारी देने वाले गवाह के रूप में सहयोग कर रहे हैं.
About the Author

प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.