वेटरन एक्टर भारत कपूर का सोमवार को निधन हो गया। वह 80 साल के थे। उन्होंने मुंबई में अपने घर पर अंतिम सांस ली। उन्होंने अपने लगभग चार दशकों के करियर में अमिताभ बच्चन स्टारर आखिरी रास्ता और खुदा गवाह समेत 200 से अधिक फिल्मों में काम किया था। एक्टर अवतार गिल ने न्यूज एजेंसी ANI से भारत कपूर के निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि भारत कपूर पिछले दो-तीन दिनों से बीमार थे। वह घर पर ही थे और सोमवार दोपहर करीब 3 बजे उनका निधन हुआ। आज तक की रिपोर्ट के अनुसार भारत कपूर का निधन मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण हुआ। अवतार गिल ने कहा कि उन्हें शाम करीब 4 से 4:30 बजे भारत कपूर के बेटे का फोन आया था। उन्होंने यह भी बताया कि भारत कपूर ने काफी समय पहले काम करना बंद कर दिया था। कल शाम को परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। नूरी जैसी कई फिल्मों में काम किया भारत कपूर ने 1972 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। करीब चार दशक लंबे करियर में उन्होंने फिल्मों में मजबूत सपोर्टिंग रोल और विलेन के किरदार निभाकर पहचान बनाई। उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में काम किया, जिनमें नूरी (1979), राम बलराम (1980), लव स्टोरी (1981), बाजार (1982), गुलामी (1985), आखिरी रास्ता (1986), सत्यमेव जयते (1987), स्वर्ग (1990), खुदा गवाह (1992) और रंग (1993) शामिल हैं। बाद में उन्होंने बरसात (1995), साजन चले ससुराल (1996) और मीनाक्षी: अ टेल ऑफ थ्री सिटीज (2004) जैसी फिल्मों में भी काम किया। फिल्मों के अलावा भारत कपूर ने टेलीविजन में भी काम किया। वह ‘कैम्पस’, ‘परंपरा’, ‘राहत’, ‘सांस’, ‘अमानत’, ‘तारा’, ‘चुनौती’ और ‘कहानी चंद्रकांता की’ जैसे शो में नजर आए।
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.