इस वीकेंड अगर आप ओटीटी पर कुछ ऐसा देखना चाहते हैं जो आपकी धड़कनें भी बढ़ा दे और हंसी से लोटपोट भी कर दे, तो यह लिस्ट खास आपके लिए है. हॉरर-कॉमेडी एक ऐसा जॉनर है, जहां डर और ठहाकों का अनोखा तालमेल देखने को मिलता है. कभी-कभी डरावने साये भी ऐसी हरकतें कर जाते हैं कि आप अपनी हंसी नहीं रोक पाते. हमने आपके लिए कुछ बेहतरीन फिल्मों का चुनाव किया है, जिनमें सस्पेंस, रूहानी ताकतें और जबरदस्त कॉमेडी का तड़का लगा है. तो बस, अपना पॉपकॉर्न तैयार रखिए और अपनी वॉचलिस्ट में इन फिल्मों को शामिल कर लीजिए.
नई दिल्ली. अगर आप हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं लेकिन डर के साथ हंसी का तड़का भी पसंद करते हैं, तो मलयालम सिनेमा आपके लिए पिटारा लेकर आया है. मॉलीवुड अपनी बेहतरीन कहानियों और जबरदस्त ह्यूमर के लिए जाना जाता है. हमने आपके लिए चुनिंदा 7 मलयालम हॉरर-कॉमेडी फिल्मों की एक लिस्ट तैयार की है, जिन्हें देखना हर सिनेमा प्रेमी के लिए जरूरी है. इन फिल्मों में न केवल रोंगटे खड़े करने वाले मंजर हैं, बल्कि ऐसे लोटपोट करने वाले सीन्स भी हैं जिन्हें आप बार-बार देखना चाहेंगे. यहां पर देखिए पूरी लिस्ट.

सुमथी वलवू: यह कहानी एक ऐसे डरपोक लड़के की है, जिसका पाला एक गांव की डरावनी सड़क से जुड़ी अजीबोगरीब घटनाओं से पड़ता है. फिल्म में लोक कथाओं और हंसी-मजाक का ऐसा तड़का लगाया गया है कि आपको डर भी लगेगा और हंसी भी आएगी. अर्जुन अशोकन ने मुख्य भूमिका निभाई है, जो स्थानीय किंवदंतियों के बीच अपनी जान बचाते और लोगों को हंसाते दिखते हैं. अगर आप देसी हॉरर का मजा लेना चाहते हैं, तो इसे जी5 पर देख सकते हैं. (फोटो साभार: IMDb)

रोमांचम: बेंगलुरू में साथ रहने वाले सात दोस्तों की यह कहानी काफी दिलचस्प है. मस्ती-मस्ती में ये दोस्त ओइजा बोर्ड के जरिए एक आत्मा को बुला लेते हैं, और उसके बाद शुरू होता है डरावनी और अजीब हरकतों का सिलसिला. फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसका रियल लाइफ जैसा दिखने वाला ह्यूमर है. फिल्म में खून-खराबा नहीं है, बल्कि हलके-फुल्के डरावने सीन हैं. यह फिल्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google

हैलो मम्मी: शादी के बाद एक लड़के की बिंदास लाइफ में तब हड़कंप मच जाता है, जब उसे अपनी सास की भटकती आत्मा से निपटना पड़ता है. दिक्कत ये है कि उसकी सास को ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर था और अब आत्मा बनने के बाद भी वो अपनी बेटी का पीछा छोड़ने को तैयार नहीं है. दामाद और भूतिया सास की ये नोकझोंक फिल्म को काफी मजेदार बनाती है. यह एक ऐसी सिचुएशन है जहां दामाद न तो भाग सकता है और न ही रह सकता है. ये मूवी प्राइम वीडियो पर अवेलेबल है. (फोटो साभार: IMDb)

प्रेतम: तीन दोस्त मिलकर समुद्र किनारे एक शानदार रिजॉर्ट खोलते हैं, लेकिन जल्द ही उनकी खुशी गम में बदल जाती है क्योंकि वहां कुछ अनहोनी होने लगती है. इस गुत्थी को सुलझाने के लिए एंट्री होती है एक अतरंगी मेंटलिस्ट की, जिसका अपना ही अलग स्टाइल है. फिल्म में जयसूर्या और शराफुद्दीन की कॉमेडी और डरावने सीन्स का मेल कमाल का है. अगर आप थ्रिलर और कॉमेडी का बैलेंस ढूंढ रहे हैं, तो यह एक बढ़िया चॉइस है. (फोटो साभार: IMDb)

प्रेतम 2: ऑनलाइन दोस्ती करने वाले कुछ दोस्त एक पुरानी हवेली में शॉर्ट फिल्म शूट करने का प्लान बनाते हैं. उन्हें लगता है कि सब कुछ मजे में बीत जाएगा, लेकिन जैसे ही शूटिंग शुरू होती है, हवेली के डरावने राज और अजीब शक्तियां उनके प्लान पर पानी फेर देती हैं. रहस्य और रोमांच के बीच ये फिल्म आखिर तक बांधे रखती है. यह फिल्म जियो हॉटस्टार पर देखने के लिए उपलब्ध है. (फोटो साभार: IMDb)

किनावल्ली: एक कपल अपनी एनिवर्सरी मनाने के लिए अपने दोस्तों के घर पहुंचता है, लेकिन जश्न का माहौल तब बदल जाता है जब घर में कुछ रूहानी ताकतें दस्तक देती हैं. जैसे-जैसे सुपरनैचुरल घटनाएं बढ़ती हैं, अतीत के कुछ दबे हुए राज बाहर आने लगते हैं. आप इस फिल्म का मजा प्राइम वीडियो पर ले सकते हैं. (फोटो साभार: IMDb)

आदि कप्यारे कूटमणि: एक लड़का चुपके से एक लड़की को अपने हॉस्टल के कमरे में ले आता है, लेकिन उसका यह मास्टर प्लान तब उल्टा पड़ जाता है जब हॉस्टल में अजीबोगरीब और डरावनी घटनाएं शुरू हो जाती हैं. लड़कों के हॉस्टल की मस्ती और भूतिया ट्विस्ट इस फिल्म को बेहद मजेदार बनाते हैं. कॉमेडी और डर के इस डबल डोज को आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं. (फोटो साभार: IMDb)
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.