एप्स्टीन फाइल्स को लेकर बीते एक महीने से लगातार सनसनी बनी हुई है. इन कथित दस्तावेजों में बिल क्लिंटन, बिल गेट्स और माइकल जैक्सन जैसे अंतरराष्ट्रीय चेहरों के साथ-साथ अब बॉलीवुड से जुड़े नाम भी सामने आने का दावा किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल एक पेज में फिल्ममेकर अनुराग कश्यप का नाम भी सामने आ रहा है. इसपर सफाई देते हुए डायरेक्टर कहते हैं कि वो कभी बीजिंग नहीं गए.
वायरल पेज में अनुराग कश्यप को ‘फेमस बॉलीवुड डायरेक्टर’ बताते हुए यह दावा किया गया है कि उनका संपर्क एप्स्टीन से जुड़ी गतिविधियों से था. यहां तक कहा गया कि 2017 में बीजिंग में होने वाले एक कथित कार्यक्रम में उनका नाम शामिल था, जहां एप्स्टीन से जुड़े लोग मौजूद रहने वाले थे. इस दावे के सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं और अटकलों का दौर शुरू हो गया.
वायरल पेज में सामने आया अनुराग कश्यप का नाम
न्यूज 18 हिंदी इस वायरल डॉक्यूमेंट्स की पुष्टि नहीं करता है.
अनुराग कश्यप ने दी सफाई
हालांकि इन एप्स्टीन फाइल्स में किए गए किसी भी दावे की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी इन आरोपों ने सनसनी फैला दी है. इसी बीच अनुराग कश्यप ने खुद सामने आकर इन दावों पर प्रतिक्रिया दी है और साफ शब्दों में इन्हें नकारा है. हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह कभी बीजिंग गए ही नहीं हैं, ऐसे में वहां किसी कार्यक्रम में शामिल होने का सवाल ही नहीं उठता.
अनुराग कश्यप ने आगे बताया कि उन्हें दुनियाभर से लगातार सेमिनार, फेस्टिवल और इवेंट्स के लिए स्पीकर के तौर पर इनवाइट मिलते रहते हैं. उन्होंने कहा, ‘हर महीने मुझे करीब 15 इनविटेशन आते हैं. मैं ज़्यादातर को पढ़ता भी नहीं हूं और किसी को जवाब नहीं देता. सिर्फ किसी फाइल में नाम होना यह साबित नहीं करता कि मैं उस कार्यक्रम का हिस्सा था’. उनका कहना है कि बिना किसी ठोस सबूत के इस तरह नाम उछालना गैर-जिम्मेदाराना है.
वायरल पेज में मीरा नायर का नाम भी सामने आने के बाद इस मामले ने और तूल पकड़ लिया है, हालांकि इस पर उनकी ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. जानकारों का मानना है कि एप्स्टीन फाइल्स से जुड़ी कई जानकारियां अधूरी, अपुष्ट और संदर्भ से बाहर पेश की जा रही हैं, जिससे भ्रम पैदा हो रहा है.
About the Author

प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.