रानी मुखर्जी की फिल्म ‘मर्दानी 3’ इन दिनों दर्शकों से खूब तारीफें बटोर रही है. फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके किरदार भी चर्चा में हैं. खास तौर पर फिल्म में विलेन ‘अम्मा’ का रोल निभाने वाली एक्ट्रेस मल्लिका प्रसाद ने अपने किरदार को लेकर ऐसी बातें कही हैं, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींच लिया है. मल्लिका का कहना है कि विलेन जन्म से बुरे नहीं होते, बल्कि समाज और सिस्टम उन्हें ऐसा बना देते हैं.
विलेन को लेकर रखी अपनी राय
आईएएनएस से बातचीत में मल्लिका ने कहा, ‘विलेन पैदा नहीं होते. समाज लोगों को बनाता है और उनका व्यवहार तय करता है. अम्मा का किरदार भी कुछ ऐसा ही है. यहां बात सीधी हिंसा की नहीं है, बल्कि सिस्टम की हिंसा की है. यह एक तरह की ढांचागत हिंसा है. मल्लिका ने आगे बताया कि अम्मा एक ऐसे भ्रष्ट और बेरहम सिस्टम का हिस्सा है, जो चुपचाप शोषण और हिंसा को बढ़ावा देता है. यहां नैतिकता इतनी कमजोर हो जाती है कि गलत और खतरनाक काम भी सामान्य लगने लगते हैं.
फिल्म के जरिए दिखाई सच्चाई
अपनी बात आगे रखते हुए उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में अम्मा का कोई भी सीन सीधी शारीरिक हिंसा नहीं दिखाता. अम्मा खुद कभी हाथ नहीं उठाती, लेकिन उसकी वजह से बहुत सारी हिंसा होती है. यह दिखाता है कि समाज में हिंसा सिर्फ मारपीट से नहीं होती, बल्कि ताकत और सिस्टम के गलत इस्तेमाल से भी होती है. मैं फिल्म के जरिए यही सच्चाई दिखाना चाहती थी.”
बता दें कि ‘मर्दानी 3’ मर्दानी फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, जो रानी मुखर्जी के दमदार किरदार शिवानी शिवाजी रॉय के इर्द-गिर्द घूमती है. यह फिल्म समाज की उन अंधेरी सच्चाइयों को सामने लाती है, जिन पर अक्सर बात नहीं होती. फिल्म में ‘शैतान’ फेम एक्ट्रेस जानकी बोडीवाला भी अहम भूमिका में नजर आ रही हैं. फिल्म की कहानी आयुष गुप्ता ने लिखी है, जो इससे पहले ‘द रेलवे मेन’ में भी काम कर चुके हैं. मर्दानी सीरीज की पहली फिल्म साल 2014 में रिलीज हुई थी, जबकि दूसरी फिल्म 2019 में आई थी.
About the Author

न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार का डिजिटल मीडिया में 9 सालों का अनुभव है. एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू और इंटरव्यू में विशेषज्ञता है. मुनीष ने जामिया मिल्लिया इ…और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.