राजपाल यादव 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं. आज दिल्ली हाईकोर्ट ने एक्टर को राहत देते हुए अंतरिम जमानत दी, लेकिन दूसरी तरफ बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. अमीषा पटेल के खिलाफ कोर्ट ने चेक बाउंस मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया है.
अमीषा पटेल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ.
मुरादाबाद की एक अदालत ने ‘गदर’ फेम अमीषा पटेल के बार-बार समन के बावजूद पेश न होने पर उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. कोर्ट के ताजा आदेश के मुताबिक, अमीषा को खुद कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया गया है. अगर वह ऐसा नहीं करती हैं तो उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कार्रवाई हो सकती है.
9 साल पुराने मामले में जारी हुआ गैर जमानती वारंट
एक्ट्रेस अमीषा पटेल से जुड़ा ये मामला साल 2017 का है. मुरादाबाद स्थित इवेंट कंपनी ड्रीम विजन के मालिक पवन कुमार वर्मा ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप के मुताबिक, एक हाई-प्रोफाइल शादी समारोह में परफॉर्म करने के लिए अभिनेत्री को बुलाया गया था और उन्हें करीब 11 लाख रुपए की एडवांस पेमेंट भी मिल चुकी थी, लेकिन प्रोग्राम से ठीक पहले उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस कैंसिल कर दी जिससे आयोजकों को आर्थिक नुकसान के साथ सामाजिक असहजता भी झेलनी पड़ी.
क्या है अमीषा पटेल का मामला?
शिकायतकर्ता का कहना है कि बाद में जब उन्होंने एक्ट्रेस से पैसे वापस करने के लिए कहा, तो लंबे समय तक वो टालमटोल करती रहीं. शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि कुछ पैसे वापस कर दिए गए हैं, जबकि बाकी की रकम के चेक बाउंस हो गए.
यह मामला कई सालों से चल रहा है. अदालत ने अमीषा पटेल को कई बार खुद कोर्ट में आने के लिए कहा, लेकिन वह हर बार पेश नहीं हुईं. कभी उनकी तरफ से शूटिंग का कारण बताया गया, तो कभी उनके वकील भी सुनवाई के दिन कोर्ट नहीं पहुंचे. बार-बार गैरहाजिर रहने पर अदालत ने अब सख्त रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि आगे ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस केस की अगली सुनवाई 27 मार्च 2026 को तय की गई है. अगर उस दिन भी अभिनेत्री कोर्ट में नहीं आती हैं, तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा सकता है और पुलिस को उन्हें पकड़कर अदालत में पेश करने का आदेश दिया जा सकता है.
About the Author

प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.