रणबीर कपूर के फैंस का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. उनकी फिल्म लव एंड वॉर की रिलीज में देरी हो रही है. हाल ही में एक लाइव सेशन के दौरान जब एक फैन ने उनकी फिल्मों में होने वाली देरी पर चुटकी ली, तो रणबीर ने रिएक्ट किया. उन्होंने माना कि उनकी फिल्मों को पूरा होने में वक्त लगता है, लेकिन उन्होंने वादा भी किया कि ‘लव एंड वॉर’ के लिए यह लंबा इंतजार बिल्कुल वसूल होने वाला है. पिछले 2-3 साल से दिन-रात मेहनत कर रहे रणबीर का साफ कहना है कि अच्छी चीजों में थोड़ा वक्त तो लगता ही है.
लव एंड वॉर फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन का चल रहा काम.
हाल ही में जब रणबीर कपूर अपने ब्रांड ARKS के एक साल पूरे होने पर इंस्टाग्राम लाइव आए, तो एक फैन ने मजे-मजे में उन पर तंज कस दिया. फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘एक सुपरस्टार था जो सी यू एट द मूवीज बोलकर 3-4 साल के लिए गायब हो जाता है.’ दरअसल, रणबीर अक्सर अपनी स्पीच खत्म करते हुए सी यू एट द मूवीज कहते हैं और इसी बात को पकड़कर फैन ने उनकी लंबी छुट्टियों पर चुटकी ले ली.
रणबीर कपूर ने फैन के कमेंट पर किया रिएक्ट
रणबीर की नजर जैसे ही इस कमेंट पर पड़ी, उन्होंने मुस्कुराते हुए दिल खोलकर जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘यार, ये तो मेरी फूटी किस्मत ही है. आमतौर पर लोग 4-6 महीने में फिल्म पूरी कर लेते हैं, लेकिन मेरी फिल्मों में पता नहीं क्यों बहुत वक्त लग जाता है. पर मुझे उम्मीद है कि जब फिल्म रिलीज होगी, तो आप ये सारा इंतजार भूल जाएंगे. मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि पिछले 2-3 सालों से मैं जी-तोड़ मेहनत कर रहा हूं. मुझे लगता है कि अच्छी चीजों में थोड़ा वक्त तो लगता ही है.’
‘लव एंड वॉर’ की रिलीज में क्यों हो रही है देरी?
‘लव एंड वॉर’ की रिलीज में हो रही देरी की असली वजह भी सामने आ गई है. पिंकविला ने अपनी रिपोर्ट में सोर्स के आधार पर बताया कि फिल्म का बड़े पैमाने पर होना ही इसकी देरी का सबसे बड़ा कारण है. बताया जा रहा है कि फिल्म में जबरदस्त एरियल एक्शन सीन्स हैं, जिनमें भारी-भरकम वीएफएक्स का काम होना बाकी है. चूंकि संजय लीला भंसाली अपनी फिल्मों में बारीकियों और विजुअल क्वालिटी से कोई समझौता नहीं करते, इसलिए पोस्ट-प्रोडक्शन में जरा भी जल्दबाजी की गुंजाइश नहीं है.
रणबीर कपूर का बिजी शेड्यूल भी बना एक बड़ा कारण?
लव एंड वॉर की रिलीज में देरी का बड़ा कारण रणबीर कपूर का बिजी शेड्यूल भी है. उनकी एक और बड़े बजट की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ नवंबर 2026 में दस्तक देने वाली है. ऐसे में अगर ‘लव एंड वॉर’ भी इसी साल आती, तो रणबीर कपूर की दो बड़ी फिल्में एक-दूसरे के बेहद करीब हो जातीं, जो बॉक्स ऑफिस के लिहाज से ठीक नहीं रहता.
संजय लीला भंसाली के साथ रणबीर-आलिया की दूसरी फिल्म
बताते चलें कि लव एंड वॉर में रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट भी नजर आएंगी. यह संजय लीला भंसाली के साथ दोनों ने दूसरी बार साथ काम किया है. आलिया ने साल 2022 की हिट फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में उनके साथ काम किया था, जबकि रणबीर ने तो अपना बॉलीवुड डेब्यू ही 2007 में भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से किया था. वहीं, विक्की कौशल के लिए यह पहला मौका है जब वह इस दिग्गज फिल्ममेकर के साथ काम कर रहे हैं.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.