रानी मुखर्जी ने फिल्म के जरिए बच्चा खोने का दर्द बयां किया
रानी मुखर्जी ने बताया कि ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ की कहानी उनके दिल के इतने करीब इसलिए थी क्योंकि वह उस वक्त खुद एक बड़े सदमे से गुजर रही थीं. एक्ट्रेस ने अपने दिल का हाल बयां करते हुए कहा, ‘वो कहानी मेरे पास एक ऐसे मोड़ पर आई थी जब मैंने अपना दूसरा बच्चा खो दिया था. उस वक्त मेरे अंदर जो खालीपन और दुख था, वह बहुत ज्यादा था. जैसे ही मैंने इस फिल्म की कहानी सुनी, मैं इससे पूरी तरह जुड़ गई और मैंने ठान लिया कि यह कहानी मुझे दुनिया को बतानी ही है.’ रानी के लिए एक मां के संघर्ष को पर्दे पर उतारना उनके अपने निजी दर्द को साझा करने जैसा था.
समाज की कड़वी हकीकत को लाया सामने
रानी ने आगे बताया कि यह फिल्म उनके लिए सिर्फ निजी जख्मों को भरने का जरिया नहीं थी, बल्कि इसके जरिए वह समाज की एक कड़वी हकीकत को भी सामने लाना चाहती थीं. उन्होंने उन परिवारों के संघर्ष और खासतौर पर एक मां की तकलीफों के बारे में बात की, जो विदेश में रहते हुए ऐसी भावनात्मक चुनौतियों का सामना करते हैं.
बिल्कुल अलग है विदेश में बसने की हकीकत
रानी ने विदेश जाकर बसने की होड़ पर निशाना साधते हुए कहा, ‘मैं पूरे हिंदुस्तान को यह कहानी बताना चाहती थी. हमें यह समझाना जरूरी है कि विदेश जाने और वहां बसने को लेकर हमारा जो जुनून है, जरूरी नहीं कि वह हमेशा सुखद ही हो. हकीकत वैसी नहीं है जैसा हम सोचते हैं, असलियत उससे कहीं ज्यादा अलग है. एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘मैं पर्दे पर यह दिखाना चाहती थी कि जब एक मां की आंखों के सामने से उसके बच्चों को छीनकर कोई ले जाता है, तो उस पर क्या बीतती है. उस मां का क्या हाल होता है और उन मासूम बच्चों पर क्या असर पड़ता है, यह अहसास कराना बहुत जरूरी था.’
रानी मुखर्जी ने 2023 में किया था मिसकैरेज का खुलासा
निजी जिंदगी की बात करें तो रानी मुखर्जी और फिल्ममेकर आदित्य चोपड़ा की एक बेटी है. आदिरा का जन्म साल 2015 में हुआ था. रानी मुखर्जी ने साल 2023 में पहली बार दुनिया के सामने यह बात रखी थी कि साल 2020 में प्रेग्नेंसी के पांचवें महीने में उनका मिसकैरेज हो गया था, जो उनकी जिंदगी का सबसे दुखद मोड़ था. फिलहाल रानी मुखर्जी अपनी नई फिल्म मर्दानी 3 को लेकर चर्चा में हैं जो आज रिलीज हो रही है.
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.