डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में गिरफ्तार 5 आरोपियों को मकोका कोर्ट ने 23 फरवरी तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है. जांच के अनुसार, फरार मास्टरमाइंड शुभम लोनकर ने दो अलग-अलग गिरोहों के जरिए इस साजिश को अंजाम दिया; एक ने पुणे से गाड़ी और हथियार मुहैया कराए, जबकि दूसरे ने फायरिंग की. पुलिस का कहना है कि शुभमलोनकर ने ऐप के जरिए निर्देश दिए और आरोपियों को पैसे ट्रांसफर किए. फिलहाल, क्राइम ब्रांच दोनों गुटों को आमने-सामने बिठाकर फंडिंग और असली मकसद का पता लगाने में जुटी है.
फायरिंग केस में पुलिस का तगड़ा एक्शन
जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरी साजिश का ताना-बाना फरार आरोपी शुभम लोनकर ने बुना था. शुभम लोनकर ने मुंबई में दहशत फैलाने के इरादे से ‘कुछ बड़ा’ करने का प्लान बनाया था और इसके लिए उसने एक मोबाइल ऐप के जरिए आरोपियों से संपर्क साध रखा था. पुलिस के मुताबिक, पुणे के एक शख्स से महज 30 हजार रुपये में खरीदी गई गाड़ी को आरोपी आदित्य गायकी और समर्थ पोमाजी ने मुंबई लाकर जुहू के एक तय ठिकाने पर खड़ा किया था. चौंकाने वाली बात यह है कि गाड़ी पहु्ंचाने वाले इन लड़कों को ये तक नहीं पता था कि शूटर कौन है. शुभम लोनकर ने ही बाद में शूटरों को निर्देश दिए कि उन्हें कहां से गाड़ी उठानी है और रोहित शेट्टी के घर के बाहर कितनी राउंड फायरिंग करनी है.
आरोपियों को सा्मने-सामने बैठाकर होगी पूछताछ
फिलहाल, मुंबई क्राइम ब्रांच की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं. पुलिस के पास पुख्ता सबूत हैं कि शुभम लोनकर ने आरोपियों के खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे, जिसका इस्तेमाल इस वारदात को अंजाम देने के लिए किया गया. जुहू स्थित आवास पर हुई 5 राउंड फायरिंग ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी फैला दी है, जिसे देखते हुए पुलिस अब इस केस की तह तक जाने के लिए मकोका जैसी सख्त धाराओं का इस्तेमाल कर रही है. आने वाले दिनों में जब दोनों गिरोहों के सदस्य एक-साथ बैठेंगे, तो उम्मीद है कि इस साजिश की हर कड़ी खुलकर सामने आ जाएगी और यह साफ हो पाएगा कि रोहित शेट्टी को निशाना बनाने के पीछे आखिर क्या मकसद था.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.