Bollywood Flop Cult Movies : कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिन्हें हम देखते हैं तो ऐसा लगता है कि ये फिल्म सुपरहिट होगी. बाद में पता चलता है कि फिल्म तो फ्लॉप थी. ऐसा हम सबके साथ होता है. किसी फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर परफॉर्म ना कर पाने के पीछे कई कारण होते हैं. हम ऐसी ही 4 फिल्मों के बारे में चर्चा करने जा रहे हैं जो फ्लॉप रहीं लेकिन दर्शकों ने इन फिल्मों को यूट्यूब और ओटीटी पर खूब देखा. आज इन फिल्मों के व्यूज करोड़ों में हैं. कई फैन तो इन फिल्मों को 50 से ज्यादा बार देख चुके हैं. इन 4 फिल्मों में से दो फिल्मों को तो फिर से रिलीज किया गया था. दोनों ही फिल्में मैसिव हिट रहीं.
बॉलीवुड की कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर जरूर फ्लॉप रहीं लेकिन दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहीं. इन फिल्मों को देखने के बाद कई प्रशंसकों के जेहन में यह सवाल बार-बार आता है कि इतनी अच्छी फिल्में फ्लॉप कैसे हो गईं. कई फिल्में यूट्यूब पर आई तो दर्शकों ने इन पर जमकर प्यार लुटाया. ऐसी ही चार फिल्में के बारे में हम आज आपको बताने जा रहे हैं. ये फिल्में हैं : अंदाज अपना अपना, सहर, तुम्बाड और सनम तेरी कसम. आइये जानते हैं इन फिल्मों से जुड़े दिलचस्प फैक्ट्स……

सबसे पहले बात करते हैं 4 नवंबर 1994 को रिलीज हुई आमिर खान, सलमान खान, करिश्मा कपूर, रवीना टंडन स्टारर फिल्म अंदाज अपना-अपना बॉलीवुड की जिसकी गिनती आज बेस्ट कॉमेडी फिल्मों में होती है. घायल-घातक-दामिनी जैसी एक्शन फिल्मों का डायरेक्शन करने वाले राजकुमार संतोषी ने इस मूवी का निर्देशन किया था. इस फिल्म में दिखाई गई कॉमेडी समय से आगे की थी. जब यह फिल्म रिलीज हुई तो दर्शकों के समझ में नहीं आई. समय के साथ इस फिल्म से दर्शक जुड़े. आज इस मूवी की गिनती कल्ट क्लासिक फिल्म में होती है. इस फिल्म के एक-एक डायलॉग कैरेक्टर लोगों की जुबान पर चढ़ गए. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में रवीना और करिश्मा के रियल नाम का इस्तेमाल किया गयाअ था. यह भी रोचक है इस फिल्म के बाद आमिर खान और सलमान खान ने कभी साथ में काम नहीं किया. फिल्म का बजट 2 करोड़ था. फिल्म ने करीब 8 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. उस समय पर यह एक फ्लॉप फिल्म साबित हुई थी. आज जब लोगों को पता चलता है कि यह फिल्म फ्लॉप हो गई थी तो यकीन नहीं होता.

आमिर खान ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘अंदाज अपना-अपना बहुत ही इंटरेस्टिंग फिल्म थी. मेरे कई दोस्तों को यह फिल्म उस समय पसंद नहीं आई थी. वो बोलते थे कि इसमें क्या फनी है? तुम लोगों के जोक्स हमें समझ नहीं आ रहे. हम लोगों को तो हंसी ही नहीं आ रही. मुझे बहुत गालियां पड़ीं. फिल्म में हम लोग खास चेंज कर नहीं पाए थे. डेट्स ही नहीं थे. मुझे हमेश लगता था कि फिल्म सही है. मैं राजकुमार संतोषी को बोलता था कि कुछ भी चेंज नहीं करना है. फिल्म जब रिलीज हुई तो हमें लगा कि हम गलत है लेकिन जब होम एंटरटेनमेंट में पीढ़ी दर पीढ़ी यह फिल्म देखी गई तो लगा कि हम लोग सही थे.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

90 के दशक में यूपी के गोरखपुर शहर के दुर्दांत गैंगस्टर श्रीप्रकाश शुक्ला का पूरे प्रदेश में आतंक था. गोरखपुर के मामखोर गांव का रहने वाला श्रीप्रकाश शुक्ला अशोक सिंह के नाम से फिरौती मांगा करता था. बिहार के सूरज भान गिरोह से जुड़ा था. उसके पिता ए ग्रेड के ठेकेदार थे, टीचर नहीं थे. बचपन से ही उसे गैंगस्टर लाइफ का चस्का था, इसीलिए क्राइम की दुनिया में आया. सितंबर 1998 में यूपी एसटीएफ ने उसका गाजियाबाद इंदिरापुरम में एनकाउंटर किया था. कबीर कौशिक ने 2005 में गैंगस्टर श्रीप्रकाश शुक्ला की लाइफ से इंस्पायर्ड होकर सहर फिल्म बनाई.

फिल्म इतनी रियलिस्टिक थी कि थिएटर से निकलने के बाद दर्शकों के दिमाग में किरदार कई दिनों तक घूमते रहे. अरशद वारसी, पंकज कपूर, महिमा चौधरी, सुशांत सिंह, राजेंद्र गुप्ता जैसे दिग्गज एक्टर से सजी इस फिल्म को सबसे ज्यादा हिंदी बेल्ट में देखा गया. उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड-मध्य प्रदेश-राजस्थान जैसे राज्यों के दर्शकों यह फिल्म बहुत पसंद आई. अरशद वारसी ने लखनऊ के तत्कालीन एसएसपी अरुण कुमार का रोल निभाया था. फिल्म फ्लॉप रही लेकिन यूट्यूब पर इसे करोड़ों व्यूज मिले. अरशद वारसी ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘सहर मेरी सबसे पसंदीदा फिल्मों में से एक है. इस फिल्म में एक खास किस्म का रियलिज्म और गहराई है.’ फिल्म में गजराज यानी श्रीप्रकाश शुक्ला का किरदार निभाने वाले सुशांत सिंह ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘उत्तर भारत में जहां भी मैं जाता हूं, मुझे ऐसा कोई शख्स नहीं मिला जिसने सहर मूवी ना देखी हो. लोग बोलते हैं कि 25-25 बार फिल्म देखी है. आज भी देखेंगे कि यह फिल्म टेक्निकली, एथिकली और परफॉर्मेस वाइज आपको लगेगा ही नहीं कि फिल्म 20 साल पुरानी है.’

12 दिसंबर 2018 को सिनेमाघरों में एक ऐसी फिल्म आई जिसकी कहानी बहुत ही यूनिक थी. फिल्मांकन-स्क्रीनप्ले जबर्दस्त था. फिल्म का नाम तुम्बाड था. पूरे 20 साल में यह फिल्म बनकर तैयार हुई थी. 2015 में फिर से स्क्रिप्ट लिखी गई और फिल्म को फिर से शूट किया गया था. फिल्म में सोहम शाह, ज्योति मालशे, धुंधीराज जोगालेकर और अनीता दाते लीड रोल में थे. सोहम शाह ने फिल्म के लिए अपना घर-कार बेच दी. हैरानी की बात यह है कि जब यह मूवी रिलीज हुई तो दर्शकों को समझ में नहीं आई. 15 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म सिर्फ अपनी लागत निकाल पाई थी और फ्लॉप हो गई.

तुम्बाड फिल्म की कहानी मराठी में रहस्यमयी कहानियां लिखने वाले नारायण धारप की स्टोरी से ली गई थी. टाइटल महाराष्ट्र के श्रीपद नारायण पेंडसे के 1987 में आए एक नॉवेल तुम्बाड़ के नाम पर रखा गया था. डायरेक्टर राही अनिल बर्वे के एक दोस्त ने 1993 में महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया जिएले में स्थित नागजीरा वर्ल्डलाइफ सेंक्चुरी एक बहुत ही डरावनी कहानी सुनाई थी. पूरे 21 साल में फिल्म बनकर तैयार हुई. 2024 में इस मूवी को फिर से रिलीज किया गया. तब तक यह फिल्म कल्ट मूवी बन चुकी थी. दर्शकों की दिलचस्पी को ध्यान में रखकर फिल्म को फिर से रिलीज किया गया. इस बार मूवी ने अपना रंग दिखाया और लोगों को थिएटर में खींचने में सफल रही. फिल्म ने 35 करोड़ का कलेक्शन किया और मैसिव हिट रही. तुम्बाड़ फिल्म की कहानी पूर्ति की देवी और श्रापित देवता हस्तर, महाराष्ट्र के तुम्बाड़ गांव के इर्द-गिर्द घूमती है. हस्तर को पूर्ति की देवी को पहली संतान माना जाता है.

इस लिस्ट में अंतिम फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ है. यह एक रोमांटिक फिल्म थी जो कि 5 फरवरी 2016 को रिलीज हुई थी. फिल्म की कहानी शिव-सती का आधुनिक वर्जन थी. जब यह फिल्म रिलीज हुई तो फ्लॉप साबित हुई. समय के साथ इस दर्शकों में इस फिल्म के प्रति नजरिया बदला. फिल्म युवाओं के दिलों में प्यार जगाने में सफल रही. ‘सनम तेरी कसम’ में पाकिस्तानी एक्ट्रेस मावरा होकैन ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था. फिल्म के डायरेक्टर-राइटर विनय सप्रू और राधिका राव थे. विनय सप्रू और राधिका राव ने अपने करियर की शुरुआत फाल्गुनी पाठक-पंकज उधास के वीडियो सॉन्ग से की थी.

लीड हीरो हर्षवर्धन राणे ग्वालियर में पढ़ाई की. 16 साल की उम्र में दिल्ली पहुंचे. टीवी-डीवीडी के स्टोर पर भी काम किया. 2002 से 2015 तक तेलुगू फिल्मों में काम किया. 2016 में उन्हें ‘सनम तेरी कसम’ पहली हिंदी फिल्म मिली. शूटिंग मुंबई में हुई. फिल्म के गाने ‘तेरा चेहरा जब नजर आए’ मावरा होकैन का एक बाथ टब सीन है. इस सीन की शूटिंग 21 घंटे में पूरी हुई थी. 6-7 डिग्री तापमान में यह सीन शूट किया गया था. मेकर्स ने पूरे 8 साल बाद इस फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया. फिर से रिलीज होने पर मूवी ने इतिहास ही रच दिया. 15 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 50 करोड़ से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया. यह एक मैसिव हिट फिल्म साबित हुई.
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.