रजनीकांत की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ कमाना आम बात है. लेकिन थलाइवा की अपनी बेटी सौंदर्या की नजर में सिर्फ कमाई ही सब कुछ नहीं है. लोकेश कनगराज की फिल्म कुली ने भले ही दुनियाभर में 500 करोड़ से ज्यादा कमाई की हो, लेकिन सौंदर्या ने बेबाकी से कुबूल किया कि यह फिल्म उन्हें पूरी तरह इम्प्रेस नहीं कर पाई. एक फैन और फिल्ममेकर के तौर पर उन्होंने फिल्म में कई कमियां गिनाईं और यहां तक कह दिया कि यह उनके पिता की टॉप-10 फिल्मों की लिस्ट में भी जगह नहीं बनाती. सौंदर्या का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है.
नई दिल्ली. सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म जब बड़े पर्दे पर आती है, तो वह महज एक फिल्म नहीं रह जाती, बल्कि एक जश्न बन जाती है. उनकी पिछली फिल्म कुली में वो सब कुछ था, जो एक फैन को चाहिए. वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. इस बीच रजनीकांत की बेटी सौंदर्या ने कुली फिल्म को लेकर ऐसी प्रतिक्रिया दी है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया.

रजनीकांत की बेटी सौंदर्या ने इस फिल्म को दो अलग नजरियों से देखा- एक ‘थलाइवा’ की सबसे बड़ी फैन के तौर पर और दूसरा एक फिल्ममेकर के तौर पर. उनकी प्रतिक्रिया कोई साधारण तारीफ नहीं थी और न ही उन्होंने इसे बिना सोचे-समझे सराहा. बल्कि, उनकी बातों में वही ईमानदारी थी, जो शायद कई फैंस महसूस कर रहे थे, लेकिन किसी ने सोचा नहीं था कि सुपरस्टार के परिवार से कोई ऐसी बात कहेगा.

लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी फिल्म ‘कुली’ साल 2025 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म ने तमिल सिनेमा के इतिहास में उस साल सबसे ज्यादा कमाई की और आमिर खान के कैमियो ने तो जैसे इसमें चार चांद लगा दिए थे. इतनी बड़ी कामयाबी के बावजूद सौंदर्या रजनीकांत ने खुलासा किया कि यह फिल्म उन्हें पूरी तरह से इम्प्रेस नहीं कर पाई.
Add News18 as
Preferred Source on Google

Galatta Plus को दिए इंटरव्यू में सौंदर्या ने साफ कहा कि उन्हें पूरी फिल्म में सबसे ज्यादा पसंद फिल्म के आखिरी 10 मिनट आए, जहां डी-एजिंग का इस्तेमाल किया गया था. उन्होंने कहा कि तकनीकी तौर पर वह हिस्सा लाजवाब था और अपने पिता को उस पुराने वाले लुक में देखना उनके लिए काफी इमोशनल कर देने वाला पल था. उनके लिए फिल्म के बाकी हिस्सों के मुकाबले वही चंद मिनट सबसे यादगार रहे.

सौंदर्या ने दिल की बात कह दी कि वह बड़े पर्दे पर अपने पिता को और ज्यादा देखना चाहती थीं. उन्होंने कहा, ‘एक थलाइवा फैन होने के नाते मुझे उस फिल्म में रजनी सर की कमी खली.’ उन्होंने यह भी माना कि पुराने दौर की फिल्मों के मुकाबले ‘कुली’ में रजनीकांत का किरदार काफी नपा-तुला और शांत था. सौंदर्या का मानना है कि फिल्म में कुछ कैमियो को कम करके अगर उनके पिता के और सीन बढ़ाए जाते, तो फैंस को वो मास मोमेंट ज्यादा मिलता, जिसका उन्हें इंतजार रहता है.

इतना ही नहीं, सौंदर्या ने यह भी साफ कर दिया कि रजनीकांत की टॉप 10 फिल्मों की उनकी लिस्ट में ‘कुली’ जगह नहीं बना पाई है. इसकी जगह उन्होंने बाशा, पडयप्पा, शिवाजी, अन्नामलाई और थिल्लू मुल्लू जैसी सदाबहार फिल्मों के नाम लिए. सौंदर्या के मुताबिक, ये वो फिल्में हैं जो उनके पिता के असली जादू, उनके करिश्मे और उनकी दमदार एक्टिंग को सही मायनों में परदे पर उतारती हैं. एक बेटी और एक फैन, दोनों ही रूपों में ये फिल्में उनकी यादों में सबसे खास जगह रखती हैं.

रजनीकांत की फिल्म कुली में कई सितारों की फौज नजर आई. खास बात है कि इस मूवी में आमिर खान ने अपने कैमियो से सबको चौंका दिया. लोकेश कनगराज के डायरेक्शन में बनी ‘कुली’ ने भारत में 318 करोड़ और दुनियाभर में 518 करोड़ का बिजनेस किया. यह रजनीकांत की अब तक की टॉप-10 हाईएस्ट ग्रोसिंग फिल्मों में से एक साबित हुई.

अब रजनीकांत अपनी अपमकिंग फिल्म जेलर 2 को लेकर चर्चा में हैं. नेल्सन दिलीपकुमार के डायरेक्शन में बन रही इस मूवी में मिथुन चक्रवर्ती, राम्या कृष्णन, योगी बाबू और शिवा राजकुमार जैसे सितारे दिखेंगे. खबर है कि शाहरुख खान भी फिल्म का हिस्सा हो सकते हैं. हालांकि मेकर्स ने अब तक इस खबर की पुष्टि नहीं की है.
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.