मशहूर फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग ने पूरी मुंबई में खौफ पैदा कर दिया है, लेकिन अब इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने जो खुलासे किए हैं, वो बेहद चौंकाने वाले हैं. जांच में सामने आया है कि यह सिर्फ डराने के लिए की गई फायरिंग नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक गहरी अंतरराष्ट्रीय साजिश छिपी थी. पुलिस के मुताबिक, बिहार के एक शूटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई बार रोहित शेट्टी के घर की रेकी की थी. साजिश को अंजाम देने के लिए पुणे से बाइक मंगवाई गई और पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी एन्क्रिप्टेड सिग्नल ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे.
शूटर ने फायरिंग से पहले की थी रोहित शेट्टी के घर की रेकी.
पुलिस के अनुसार, 20 जनवरी को आरोपी सिद्धार्थ और समर्थ दोपहिया वाहन लेकर पुणे से मुंबई पहुंचे थे. उनका उद्देश्य उस शूटर तक स्कूटर पहुंचाना था, जिसे विले पार्ले रेलवे स्टेशन के पास खड़ा किया गया था. शूटर, जो बिहार का रहने वाला बताया गया है, अपने चार-पांच साथियों के साथ मुंबई में रुका था और कथित तौर पर फायरिंग से पहले रोहित शेट्टी के घर की तीन-चार बार रेकी कर चुका था.
फायरिंग केस की जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे
जांच में और भी कई खुलासे हुए हैं. आरोपी स्वप्निल सकट के घर से पुलिस ने एक पिस्तौल, तीन मैगजीन और एक एयर गन बरामद की. जांच में पता चला कि ये हथियार मुख्य साजिशकर्ता शुभम रामेश्वर लोनकर के कहने पर गिरफ्तार आरोपी आसाराम फसाले ने स्वप्निल को सौंपे थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इन हथियारों का इस्तेमाल पहले किसी और अपराध में हुआ था या नहीं.
स्कूटर खरीदने में हुआ फंडिंग का इस्तेमाल
पुलिस ने कोर्ट को बताया कि इस साजिश के लिए फंडिंग का इंतजाम किया गया था. कथित तौर पर, इन पैसों का इस्तेमाल स्कूटर खरीदने और अन्य जरूरी सामान जुटाने में किया गया. अब पुलिस बैंक खातों और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि फंडिंग कहां से आई.
मोबाइल की फॉरेंसिक जांच से होगा नेटवर्क का खुलासा
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप सिग्नल का इस्तेमाल कर रहे थे. पकड़े जाने से बचने के लिए कुछ संदिग्धों ने ऐप डिलीट कर दिया, लेकिन पुलिस ने पांचवें आरोपी का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि डिलीट किए गए संदेश और चैट को रिकवर किया जा सके. इसके जरिए अधिकारियों को नेटवर्क के अन्य हिस्सों तक पहुंचने में मदद मिलेगी.
फरार है हमले का मास्टरमाइंड शुभम लोनकर
इस पूरी जांच का सबसे अहम हिस्सा अज्ञात शूटर और फरार मास्टरमाइंड शुभम लोनकर को पकड़ना है. अतिरिक्त हथियार और वाहन बरामद करने, आरोपी से आमने-सामने पूछताछ करने और साजिश में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास लगातार जारी हैं.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.