अरिजीत सिंह के प्लेबैक म्युजिक से रिटायरमेंट की अनाउंसमेंट पर सोना महापात्रा ने खुशी जताई है. उन्होंने अरिजीत के रिटायरमेंट के फैसले को सही और बहादुरी भरा बताया है. साथ ही फिल्मी म्युजिक के काले सच का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि प्रोड्यूसर 10 सिंगर्स के ट्रायल करवाते हैं. म्युजिक डायरेक्टर थक जाता है, तो फिर एक पॉपुलर सिंगर को ही गाने देते हैं, जो सबके लिए आसान होता है. सोना ने कहा कि भले ही उन्हें अरिजीत के फैसले की असली वजह नहीं पता, लेकिन उन्हें यकीन है कि इससे अरिजीत को वह आज़ादी मिलेगी, जो कला की असली पहचान है.
सोना महापात्रा ने अरिजीत सिंह की रिटायरमेंट पर रिएक्ट किया. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम)
मुंबई. जब से अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान किया है, तबसे न सिर्फ फैंस बल्कि पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री भी हैरान है. कई लोगों ने उन्हें दुख जताया, तो कई लोगों ने उन्हें सपोर्ट किया. लेकिन सिंगर और म्युजिक कंपोजर सोना महापात्रा ने अरिजीत के इस फैसले को बहादुरी भरा, दरियादिल और सबसे अच्छे तरीके से बदलाव लाने वाला बताया है. सोना ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लंबा नोट शेयर किया और कैप्शन में लिखा, “अरिजीत सिंह और भारत के लिए प्यार के साथ, मैंने साल दर साल खुद से म्यूजिक रिलीज करने का रास्ता चुना है, ये बहुत संतोषजनक और बेमिसाल सफर है. थकाऊ भी है लेकिन बहुत रोमांचक भी.”
सोना महापात्रा ने आगे लिखा, “प्लेबैक सिंगिंग से दूर जाना, बाहर निकलना कम और आज़ादी, रचनात्मकता और नए मौकों की ओर बढ़ना ज्यादा लगता है.” सोना ने कहा कि भले ही उन्हें अरिजीत के फैसले की असली वजह नहीं पता, लेकिन उन्हें यकीन है कि इससे अरिजीत को वह आज़ादी मिलेगी, जो कला की असली पहचान है.