साउथ के मेगास्टार थलपति विजय की मच अवेटेड फिल्म और आखिरी बताई जा रही फिल्म ‘जना नायकन’ रिलीज से पहले ही मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है. सर्टिफिकेशन को लेकर चल रहे कानूनी पचड़ों की वजह से फिल्म की रिलीज टलती ही जा रही है. इसका सीधा असर थिएटर मालिकों पर पड़ रहा है.ऐसे में सिनेमाघर खाली पड़े हैं और करोड़ों के नुकसान की बात सामने आई है.
नई दिल्ली. CBFC में फंसी साउथ स्टार थलपति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर इन दिनों खूब चर्चा हो रही है. ‘जना नायकन आखिर कब रिलीज होगी?’ यह सवाल इन दिनों हर किसी को कचोट रहा है. थलपति विजय स्टारर यह फिल्म अपनी रिलीज डेट को लेकर लगातार विवादों में फंसी हुई है. पहले इस फिल्म के 2026 में सिनेमाघरों में आने की उम्मीद थी, लेकिन सर्टिफिकेशन से जुड़े मुद्दों के चलते इसे टाल दिया गया.

एच. विनोथ के डायरेक्शन में बनी ‘जना नायकन’ में विजय के अलावा पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रियमणि और नरैन जैसे उम्दा एक्टर नजर आने वाले हैं. यहां बड़ी बात ये है कि कहा जा रहा है की विजय की ये फिल्म आखिरी सिनेमाई फिल्म होगी.

सामने आ रही खबरों की माने तों इस फिल्म के बाद वह पूरी तरह राजनीति पर फोकस करेंगे. इसी वजह से फिल्म को लेकर फैंस की उम्मीदें और भी ज्यादा बढ़ी हैं.जन नायकन’ को लेकर थलापति विजय ने एक इंटरव्यू में साफ शब्दों में कहा था कि वह फिल्मों को छोड़ चुके हैं और अब उनका पूरा फोकस राजनीति पर है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

लेकिन उन्होंने इस बात का भी खुलासा किया था कि फिल्म के रिलीज न हो पाने से उन्हें दुख है कि इससे प्रोड्यूसर को काफी नुकसान हो रहा है. विजय ने कहा कि राजनीति में आने के बाद फिल्मों को लेकर मुश्किलें आएंगी, इसलिए वह पहले से ही मानसिक तौर पर तैयार हैं.

पहले खबर आई था कि फिल्म पोंगल से पहले 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. लेकिन इससे कुछ दिन पहले ही सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने प्रोडक्शन हाउस KVN प्रोडक्शंस को बताया कि एक शिकायत के बाद फिल्म को रिवाइजिंग कमेटी के पास भेजा गया है.

गौरतलब है कि इस फैसले के बाद मेकर्स मद्रास हाई कोर्ट भी गए थे.जहां पहले तो कोर्ट ने फिल्म के पक्ष में ही फैसला देते हुए सेंसर बोर्ड को निर्देश दिया कि जरूरी बदलावों के बाद फिल्म को U/A सर्टिफिकेट दिया जाए. फिर मद्रास हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने सिंगल जज के आदेश पर फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी. फिर सुनवाई 21 जनवरी को तय की गई.

अब फिल्म की रिलीज डेट के बदलाव के कारण इसका सीधा असर थिएटर मालिकों पर पड़ रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, तमिलनाडु में थिएटर ओनर्स को करीब 100 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है. ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि इस कानूनी लड़ाई ने राज्य के थिएटर कारोबार को ठप कर दिया है.

फिलहाल, साउथ स्टार थलापति विजय की ‘जना नायकन’ की रिलीज डेट को लेकर अब तक कोई ऑफिशियल ऐनाउंसमेंट नहीं की गई है. फैंस के साथ-साथ थिएटर मालिक भी इस फिल्म की रिलीज डेट पर नजरें टिकाए बैठे हैं.
Discover more from Entertainment News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.